प्रशिक्षण शाखा
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) अपने अन्य अधिदेशित उद्देश्यों के अतिरिक्त, देशभर के पुलिस बलों की क्षमता सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दिशा में ब्यूरो द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी, फिंगरप्रिंट विज्ञान तथा आपराधिक न्याय प्रणाली से संबंधित अन्य विशिष्ट क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। NCRB की प्रशिक्षण शाखा संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस कार्मिकों के व्यावसायिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता तथा कार्यगत क्षमताओं में निरंतर वृद्धि करने के लिए सतत प्रयासरत है।
प्रशिक्षण शाखा द्वारा पुलिस अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों के लिए प्रतिवर्ष औसतन 42 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। सामान्यतः इन कार्यक्रमों की अवधि तीन दिन से एक सप्ताह तक होती है तथा इनमें समकालीन एवं विशिष्ट विषयों की विस्तृत श्रृंखला को सम्मिलित किया जाता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम वार्षिक प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। इनमें अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं प्रणालियाँ (CCTNS), अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (ICJS), NCRB ऐप्स एवं उनके उपयोग, राष्ट्रीय स्वचालित फिंगरप्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS), CRIMAC, अपराध एवं अपराधी सूचना प्रणालियाँ (CrPIs), साइबर अपराध एवं डिजिटल फॉरेंसिक, फिंगरप्रिंट विज्ञान, मानव तस्करी-रोधी उपाय तथा NCRB के विभिन्न सांख्यिकीय प्रकाशन एवं डेटाबेस जैसे विषय शामिल हैं।
प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (Training of Trainers - ToT) हेतु भी विशिष्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनमें फिंगरप्रिंट विज्ञान, भारत में अपराध (Crime in India), भारत में आकस्मिक मृत्यु एवं आत्महत्याएँ (Accidental Deaths & Suicides in India), भारत में कारागार सांख्यिकी (Prison Statistics India) तथा अन्य संबंधित विषयों पर पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, NAFIS में विशेषज्ञ प्रशिक्षण तथा NAFIS एवं CrPI अधिनियम से संबंधित अनुप्रयोगों के लिए उपयोगकर्ता नामांकन प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाता है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशिक्षित संसाधन व्यक्तियों का एक सशक्त समूह तैयार करना है, जो आगे क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कार्मिकों के बीच ज्ञान एवं कौशल का प्रसार कर सकें तथा विधि प्रवर्तन एजेंसियों की क्षमता निर्माण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग प्रदान कर सकें।
NCRB द्वारा पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस संगठनों तथा अन्य हितधारकों के कार्मिकों को उनकी चिन्हित प्रशिक्षण आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण एवं तकनीकी अभिमुखीकरण भी प्रदान किया जाता है। ब्यूरो के संकाय में अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में विशिष्ट ज्ञान एवं पर्याप्त प्रशिक्षण अनुभव रखने वाले अनुभवी तथा प्रशिक्षित विशेषज्ञ सम्मिलित हैं।
ज्ञान के प्रसार एवं सहभागिता आधारित क्षमता निर्माण के प्रयासों के अंतर्गत, NCRB के संकाय सदस्य देशभर के प्रतिष्ठित पुलिस एवं प्रशिक्षण संस्थानों का नियमित रूप से दौरा करते हैं। इनमें सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVP NPA), हैदराबाद; क्षेत्रीय पुलिस कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र (RPCTCs); CBI अकादमी; राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU); पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) के केंद्रीय गुप्तचर प्रशिक्षण संस्थान (CDTIs); तथा राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों की पुलिस प्रशिक्षण अकादमियाँ आदि शामिल हैं। संकाय सदस्य इन संस्थानों में कार्यशालाएँ आयोजित करते हैं, व्याख्यान देते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक न्याय प्रणाली, सूचना प्रौद्योगिकी, फिंगरप्रिंट विज्ञान, साइबर अपराध, डिजिटल फॉरेंसिक तथा अन्य उभरते क्षेत्रों से संबंधित विशिष्ट प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।
इन व्यापक प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण पहलों के माध्यम से NCRB पुलिस कार्मिकों की व्यावसायिक दक्षता को सुदृढ़ करने तथा अपराध एवं आपराधिक न्याय के क्षेत्र में प्रौद्योगिकी, विशिष्ट ज्ञान एवं आधुनिक कार्यप्रणालियों के प्रभावी अंगीकरण और उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
नए पाठ्यक्रमों का प्रारंभ
1. वार्षिक प्रशिक्षण कैलेंडर में ई-प्रिजन (e-Prison), ई-साक्ष्य (e-Sakshya), ई-अभियोजन (e-Prosecution) तथा ई-फॉरेंसिक ऐप्स एवं उनके उपयोग विषय पर तीन दिवसीय नये पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। यह पाठ्यक्रम न्यायाधीशों, कारागार अधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों के लिए आयोजित किए जाएगें।
2. CCTNS/ICJS एवं NCRB ऐप्स तथा उनके उपयोग विषय पर तीन दिवसीय एक अन्य पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधीक्षक (SP) एवं उससे वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों को इन प्रणालियों एवं अनुप्रयोगों के प्रति संवेदनशील एवं अभिमुख करना है।
प्रशिक्षण पद्धति
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की प्रशिक्षण पद्धति में समय के साथ महत्वपूर्ण परिवर्तन हुआ है। प्रारंभ में जहाँ प्रशिक्षण का मुख्य फोकस सूचना प्रौद्योगिकी-उन्मुख पाठ्यक्रमों पर था, वहीं अब प्रशिक्षण को अधिक व्यापक, व्यावहारिक एवं आवश्यकता-आधारित बनाया गया है। वर्तमान में प्रभावी अपराध अन्वेषण एवं पुलिसिंग के लिए आवश्यक कौशल एवं दक्षताओं के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शाखा द्वारा प्रत्येक प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रारंभ होने से पूर्व प्रशिक्षण आवश्यकता विश्लेषण (Training Needs Analysis - TNA) किया जाता है, ताकि प्रतिभागियों की विशिष्ट अधिगम संबंधी आवश्यकताओं की पहचान की जा सके तथा उसके अनुरूप पाठ्यक्रम की विषय-वस्तु निर्धारित एवं व्यवस्थित की जा सके।
निरंतर अधिगम एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान नियमित अंतराल पर अनुभव-साझाकरण एवं शंका-समाधान सत्र आयोजित किए जाते हैं। विशिष्ट एवं समसामयिक विषयों पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। इस उद्देश्य से अनुभवी एवं विषय-विशेषज्ञ संकाय सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान करने तथा क्षेत्रीय अनुभवों पर आधारित सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों को साझा करने के लिए सम्मिलित किया जाता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में व्यावहारिक अभ्यास, प्रदर्शन, प्रकरण-आधारित अभ्यास तथा अनुभवात्मक अधिगम पद्धतियों को बढ़ते हुए स्तर पर सम्मिलित किया जा रहा है। इससे प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल को अपने संबंधित व्यावसायिक दायित्वों में प्रभावी रूप से लागू करने में सहायता मिलती है।
इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर प्रश्नोत्तरी/मूल्यांकन सत्र आयोजित किया जाता है, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों द्वारा अर्जित अधिगम के स्तर तथा पाठ्यक्रम के अंतर्गत सम्मिलित विषयों की उनकी समझ का आकलन किया जाता है। यह मूल्यांकन प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रभावशीलता का एक संकेतक प्रदान करता है।
छात्रावास सुविधा
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा अपने विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। NCRB छात्रावास प्रशिक्षण की अवधि के दौरान प्रतिभागी अधिकारियों के लिए सुविधाजनक एवं आरामदायक आवासीय व्यवस्था प्रदान करता है। पात्र प्रशिक्षुओं को निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे प्रतिभागियों को आवास एवं भोजन की व्यवस्था के अतिरिक्त व्यय का भार वहन किए बिना प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने में सुविधा होती है।
आवासीय सुविधा उपलब्ध कराए जाने से प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं के बीच आपसी संवाद, सहकर्मी अधिगम तथा ज्ञान के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलता है।
क्षेत्रीय पुलिस कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र (RPCTC)
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा लखनऊ, कोलकाता, हैदराबाद और गांधीनगर में स्थित चार क्षेत्रीय पुलिस कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र (RPCTCs) संचालित किए जा रहे हैं। ये क्षेत्रीय केंद्र अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस कार्मिकों तथा अन्य हितधारकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करके NCRB की प्रशिक्षण पहुँच के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
RPCTCs की स्थापना से NCRB को सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन केवल मुख्यालय में किए जाने से संबंधित सीमाओं को दूर करने में सहायता मिलती है। साथ ही, इन केंद्रों के माध्यम से विकेंद्रीकृत, सुगम एवं क्षेत्र-विशिष्ट क्षमता निर्माण को बढ़ावा मिलता है।
एनसीआरबी संवाद पत्र
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की प्रशिक्षण शाखा द्वारा त्रैमासिक एनसीआरबी संवाद पत्र का भी प्रकाशन किया जाता है। इसमें प्रत्येक तिमाही के दौरान ब्यूरो द्वारा आयोजित एवं संचालित प्रमुख और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों, गतिविधियों, पहलों तथा विकासात्मक कार्यों का संकलन एवं उल्लेख किया जाता है।
यह संवाद पत्र एनसीआरबी की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारी के प्रसार का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। साथ ही, यह हितधारकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के बीच ब्यूरो की पहलों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करने में सहायक है।
सांख्यिकी
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) तथा इसके क्षेत्रीय पुलिस कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों (RPCTCs) द्वारा 15 सितंबर 2026 तक आयोजित किए गए कुल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों तथा उनमें प्रशिक्षित अधिकारियों की कुल संख्या निम्नानुसार है:-
एन सी आर बी मुख्यालय | सीएफपीबी, कोलकाता | आरपीसीटीसी ( कोलकाता हैदराबाद गांधीनगर लखनऊ) | कुल संख्या | ||||
संचालित पाठ्यक्रमों की संख्या | प्रशिक्षित अधिकारियों की संख्या | संचालित पाठ्यक्रमों की संख्या | प्रशिक्षित अधिकारियों की संख्या | संचालित पाठ्यक्रमों की संख्या | प्रशिक्षित अधिकारियों की संख्या | संचालित पाठ्यक्रमों की संख्या | प्रशिक्षित अधिकारियों की संख्या |
1042 | 21,894 | 67 | 944 | 2041 | 41468 | 3150 | 64,306 |
ब्यूरो की यह शाखा ब्यूरो के तीन वार्षिक प्रकाशनों के लिए डेटा के कारगर संग्रह के लिए "प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण" पाठ्यक्रम आयोजित करती है। भारत में अपराध, भारत में दुर्घटना मृत्यु और आत्महत्या एवं भारत में जेल सांख्यिकी।